
- सील गोदाम से करोड़ों रुपए का शराब चोरी मामला
दैनिक भास्कर
May 15, 2020, 07:44 AM IST
चंडीगढ़. राजौंद के पूर्व विधायक जेजेपी नेता सतविंदर राणा को समालखा में सील हुए एल-वन एबी गोदाम से करोड़ों रुपए की शराब चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। डीएसपी हेडक्वार्टर सतीश कुमार वत्स ने बताया इस गोदाम में आरोपी राणा, सोनीपत के शामड़ी गांव निवासी ईश्वर व अन्य के साथ पार्टनर था। अनियमितताएं मिलने पर अक्टूबर 2016 में एक्साइज विभाग ने लाइसेंस कैंसिल कर गोदाम को सील किया था।
7 बार विधानसभा चुनाव लड़ चुके आरोपी राणा के इशारे पर शटर उखाड़कर गोदाम से 4500 पेटी शराब चोरी हुई। मामले में 3 दिन पहले सीआई-2 ने ईश्वर, एक सिपाही समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया था। ईश्वर के कबूलनामे के बाद ही राणा को आरोपी बनाया गया था। दो दिन से पुलिस को उसकी तलाश थी। मुखबिर की सूचना पर सीआईए-2 ने बुधवार शाम करीब 7 बजे चंडीगढ़ के सेक्टर 3 में स्थित एमएलए हॉस्टल से उन्हें काबू किया। सतविंदर के खिलाफ धारा 457, 380, 406 व 120बी के तहत समालखा थाने में केस दर्ज है।