
- चंडीगढ़- पंजाब समेत पूरा उत्तर भारत भीगा, तेज हवाएं चलीं
दैनिक भास्कर
May 31, 2020, 06:21 AM IST
चंडीगढ़. पिछले दो दिनों से मौसम मेहरबान है। बारिश ने उत्तर भारत में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से काफी राहत दी है। चंडीगढ़ के साथ-साथ पंजाब के भी कई हिस्सों में बारिश हुई और तेज हवाएं चलीं। चंडीगढ़ में शनिवार शाम को 2.6 मिमी बारिश ने मौसम को ठंडा कर दिया। दिन में तापमान 32.8 डिग्री था जाे शाम को बारिश के बाद 22.6 डिग्री पर पहुंच गया।
वहीं पंजाब, हरियाणा और हिमाचल में भी अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं केरल के दक्षिण तटीय इलाकों और लक्षद्वीप में दो दिन से बारिश हाे रही है। मौसम विभाग ने कहा है कि यह मानसून-पूर्व की बारिश है और अगले 48 घंटे में मानसून केरल तट से टकरा सकता है। निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट ने कहा है कि शनिवार को मानसून ने केरल में दस्तक दे दी है।