Dainik Bhaskar
Jul 01, 2019, 08:22 PM IST
बॉलीवुड डेस्क. जून 2019 में एक्ट्रेस जायरा वसीम ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर बॉलीवुड और फिल्में छोड़ने की बात की थी। पोस्ट में जायरा ने फिल्मों के कारण मजहब से खराब हो रहे रिश्ते की बात की थी। अब स्वामी चक्रपाणि ने इस मामले में एक ट्वीट करते हुए बॉलीवुड की सभी एक्ट्रेसेस को निशाना बना लिया है।
स्वामी चक्रपाणि ने किया ट्वीट : अखिल भारतीय हिन्दू महासभा के अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि ने ट्वीट किया है- धार्मिक आस्था के लिए फिल्म अभिनेत्री जायरा द्वारा फिल्म से किनारा करना प्रसंसनीय,हिन्दू अभिनेत्रीयों को भी जायरा से लेंना चाहिए प्रेरणा- स्वामी चक्रपाणि।

यह थी जायरा की पोस्ट : जायरा ने रविवार को सोशल मीडिया अकाउंट्स पर 6 पन्नों का पोस्ट शेयर करते हुए बॉलीवुड से किनारा करने की बात लिखी थी। जायरा अभी तक तीन ही फिल्मों में काम कर चुकी हैं। 5 साल में उनके नाम पर दंगल, सीक्रेट सुपरस्टार और द स्काई इज पिंक फिल्में रहीं। जायरा ने लिखा था-
पांच साल पहले मैंने एक फैसला किया जिसने मेरी जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी। जैसे-जैसे मैंने बॉलीवुड में अपने कदम रखे, मेरे लिए बड़े पैमाने पर लोकप्रियता के दरवाजे खुल गए। इस क्षेत्र में मुझे सराहना और प्यार मिला, लेकिन इसने मुझे अज्ञानता के रास्ते पर ले जाने का काम किया, क्योंकि मैंने अनजाने में अपने ईमान (विश्वास) से बाहर निकलकर बदलाव किए। मैंने ऐसे माहौल में काम जारी रखा जो लगातार मेरे ईमान के साथ हस्तक्षेप करता था, इससे मजहब के साथ मेरे रिश्ते को खतरा था। मैंने अपने जीवन से सारी बरक खो दी। लगातार इस बात से जूझ रही थी कि अपने ईमान को कायम रख सकूं। लेकिन हर बार बुरी तरह विफल रही। यह मेरा पहला कदम है क्योंकि मैं जिस रास्ते पर चलना चाहती हूं, उसके अहसास की स्पष्टता पर पहुंच गई हूं। इस दौरान मैंने जाने-अनजाने में कई लोगों के दिलों में लालच का बीज बोया, लेकिन सभी को मेरी सलाह है कि सफलता, प्रसिद्धि, अधिकार या धन, किसी भी कीमत पर अमन और ईमान से बढ़कर नहीं हो सकते।
जायरा पर भड़कीं रवीना: जायरा के इस कदम पर रवीना टंडन ने उनकी सोच की आलोचना की। रवीना ने ट्विटर पर लिखा- कोई फर्क नहीं पड़ता अगर वो लोग जिन्होंने महज 2 फिल्मों में काम किया है, इस इंडस्ट्री के प्रति कृतज्ञता महसूस नहीं करते हैं कि उन्हें यहां क्या-क्या मिला है। आशा करिए कि वो शांति के साथ यहां से निकल जाएं और अपनी पुरानी सोच को खुद तक ही सीमित रखें।’
Doesn’t matter if two film olds are ungrateful to the industry that have given them all. Just wish they’d exit gracefully and keep their regressive views to themselves .
— Raveena Tandon (@TandonRaveena) June 30, 2019

















