चंडीगढ़ में कोरोना से पहली मौत, 2 नए केस, पंजाब में 3 की मौत

0
211

  • पंजाब में मौत का आंकड़ा 23 पहुंचा, 167 नए केस आए, 6 दिन में 818 आए, अब तक कुल 1149 संक्रमित
  • रविवार को शहर में कोरोना के दो नए मरीज मिले, इनमें साढ़े 3 साल का बच्चा और उसके पिता शामिल हैं

दैनिक भास्कर

May 04, 2020, 07:27 AM IST

चंडीगढ़. कोरोना से चंडीगढ़ में पहली मौत हो गई है। चंडीगढ़ सेक्टर-18 की दर्शना ने पंचकूला के अल्केमिस्ट हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया। रविवार को शहर के सेक्टर-30 में कोरोना के 2 मरीज मिले। इनमें साढ़े 3 साल का बच्चा और उसका पिता शामिल है। पंजाब में रविवार को 152 श्रद्धालुओं समेत 167 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं, 3 की मौत हो गई। आंकड़ा अब 1149 पहुंच गया है। इनमें 695 के करीब श्रद्धालु हैं। 23 की मौत हो चुकी है। रविवार को लुधियाना में 2 मौतें हुई। इनमें एक बस्ती जाेधेवाल की महिला कमला देवी (62) हैं जो हार्ट व खांसी के चलते भर्ती थीं। वहीं, फगवाड़ा के गांव नरूड़ निवासी निरंजन राम (65) ने भी दम तोड़ दिया। उन्हें सांस की बीमारी थी। फिरोजपुर में 45 वर्षीय अशोक कुमार की फरीदकोट में मौत हो गई।

ज्यादा भीड़ वाली मार्केट अब नहीं खोली जाएंगी

चंडीगढ़ को शनिवार को लिए गए छूट के फैसले में रविवार को कुछ बदलाव किए गए हैं। जिन मार्केट में सबसे ज्यादा भीड़ होती है अब वे नहीं खोली जाएंगी। 6 एरिया को छोड़कर बाकी सभी एरिया में रह रहे लोगों को कई छूट प्रशासन की तरफ से दे दी गई है। शहर में शादियों के फंक्शन हो सकते हैं लेकिन इनमें 50 से ज्यादा लोगों की संख्या नहीं होनी चाहिए। शराब ठेके और जहां पर सिगरेट बेची जाती है वहां पर कम से कम 6 फुट की दूरी लोगों में होनी चाहिए और एक वक्त पर सिर्फ 5 लोग ही इन जगहों पर खड़े हो सकते हैं।

कोराेना को हराकर घर लौटने वालों का सम्मान

काेराेना काे हराकर दाे और काेराेना पाॅजिटिव मरीज अपने घराें काे चले गए। डिस्चार्ज होने वालों में कच्ची कॉलोनी धनास की पीजीआई का स्टाफ 56 साल का फ्रांसेस और और सेक्टर 30 का दिनेश शामिल है। जब फ्रांसेस डिस्चार्ज होने के बाद एंबुलेंस से जैसे ही अपने घर पहुंचा तो क्वारेंटाइन करने वाली हेल्थ डिपार्टमेंट की टीम ने उसका फूल मालाओं से स्वागत किया।

60 से ज्यादा उम्र वालों के लिए ज्यादा खतरा, घरों में रहें: सीएम

सीएम कैप्टन ने अलर्ट किया है कि कोरोना का ज्यादा खतरा 60 से ज्यादा उम्र वालों के लिए है जो बीमारियों से पीड़ित हैं। इसलिए घर में रहें। रविवार को सबसे ज्यादा केस नवांशहर से 57 आए। इनमें 56 श्रद्धालु हैं व एक अन्य है। मुक्तसर में 42 श्रद्धालुओं समेत एक मजदूर संक्रमित पाया गया। तरनतारन में 26 और बरनाला में 15 श्रद्धालु पॉजिटिव पाए गए। होशियारपुर में 4 श्रद्धालुओं समेत 7 संक्रमित पाए गए। फिरोजपुर में 1 श्रद्धालु समेत  2  की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। लुधियाना में पटियाला की 1 डॉक्टर समेत 4 संक्रमित पाए गए। अमृतसर में 5 श्रद्धालुओं समेत 6 और मोहाली में 2 श्रद्धालु पॉजिटिव पाए गए। पटियाला में भी एक महिला श्रद्धालु पाॅजिटिव आई। जालंधर  में भी 4 संक्रमित पाए गए। 27 अप्रैल तक 331 केस थे वहीं, 3 मई को आंकड़ा 1137 पहुंच गया है। 6 दिनों में 818 केस आ चुके हैं।

गढ़शंकर में डायबिटीज की मरीज 60 वर्षीय बुजुर्ग ने दी कोरोना को मात
गढ़शंकर में  सुरिंदर कौर (60) ने डायबिटीज के बावजूद हिम्मत से कोरोना को मात दी। वह बताती हैं कि जब रिपोर्ट पाॅजिटिव आई तो डर गई थीं कि ये कैसे हो गया। मैं पूरा दिन गुरबाणी सुनती थीं और दुआ करती थी कि ठीक हो जाऊं। 35 दिन बाद ठीक होकर घर जा रही हूं। 

अब मास्क नहीं पहना तो कटेगा चालान
पंजाब में घर से बाहर निकलने वाले हर व्यक्ति को मास्क पहनना जरूरी होगा। अगर कोई मास्क नहीं पहनेगा तो उसका चालान काटा जाएगा।  सूबे में ऑरेंज और ग्रीन जोन में सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक लोगों को जरूरी सामान खरीदने की ढील दी गई है। 

एक दिन में सबसे ज्यादा 58 पॉजिटिव, सोनीपत में 20 केस

हरियाणा में 24 घंटे 58 नए केस सामने आए हैं। एक दिन में कोरोना पॉजिटिव का यह आंकड़ा अब तक का हाइएस्ट है। सोनीपत में सबसे ज्यादा 20, फरीदाबाद में 12, गुड़गांव में 9, जींद में 8, पानीपत में 3, यमुनानगर, पलवल व झज्जर में कोरोना के 2-2 मरीज मिले। इससे राज्य में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 451 तक पहुंच गया है। रविवार को सोनीपत में 2 व हिसार में एक मरीज ठीक होकर घर लौटे। इससे ठीक होने वाले लोगों की संख्या 245 हो गई है।

वहीं, 5 लोगों की अब तक मौत हुई है। 201 एक्टिव मरीज हैं। पिछले 10 दिनों में दिल्ली से सटे ज्यादातर जिलों में अचानक कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ गई। इसके मद्देनजर दिल्ली समेत पूरे हरियाणा के बॉर्डर सील किए गए हैं। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने भी माना कि यह स्थिति भयभीत करने वाली है।