टीवी डेस्क. हिना खान 72वें कान्स फिल्म फेस्टिवल 2019 के रेड कार्पेट पर चलने वाली पहली भारतीय टीवी अभिनेत्री बन गईं हैं। लेकिन दूसरी तरफ एक मैग्जीन एडिटर ने हिना का मजाक उड़ाया है। उनके कान्स लुक पर कटाक्ष करते हुए एडिटर ने लिखा- ‘क्या कान्स चांदीवली स्टूडियो बन गया है? एडिटर की इस टिप्पणी के बाद हिना के समर्थन में उनके फैंस के साथ-साथ उनके साथ काम करने वाले एक्टर्स भी आ गए और सबने मिलकर एडिटर की आलोचना की। जिसके बाद एडिटर ने माफी मांगते हुए पोस्ट डिलीट कर दी।
कई टीवी शोज और फिल्मों का गवाह है चांदीवली
चांदीवली स्टूडियो में फिल्मों और टीवी सीरियल्स की शूटिंग की जाती है। इस जगह पर खासतौर पर डेली सोप्स शूट किए जाते हैं। इस स्टूडियो में शाहरुख खान, नसीरुद्दीन शाह, अनुपम खेर जैसे कई स्टार्स ने यहां शूटिंग की है।
टीवी की मशहूर अभिनेत्री है हिना
हिना खान की बात करें तो वो टीवी के मशहूर शो ये रिश्ता क्या कहलाता है कि लीड एक्ट्रेस रहीं हैं। इस शो से वो 7 सालों तक जुड़ूीं रहीं। ये शो हमेशा से ही टीआरपी पर नंबर वन पर रहा है। इसके अलावा वो बिग बॉस 11, खतरों के खिलाड़ी 5 और कसौटी जिंदगी के 2 का हिस्सा भी बनीं है। वो टीवी की सबसे चहेती अदाकाराओं में से एक हैं। फिलहाल वो अपने फिल्मी करियर पर ध्यान दे रहीं हैं औरअपनी डेब्यू फिल्म लाइन्स की स्क्रीनिंग के लिए कान्स में पहुंची।
इन लोगों ने दिया हिना का साथ
-
अर्जुन बिजलानी
नागिन 2 फेम एक्टर टीवी अभिनेता अर्जुन बिजलानी ने हिना खान के समर्थन में एक लंबा पोस्ट लिखा। उन्होंने लिखा, “सबसे पहले हम सभी को गर्व है कि हिना कान्स फिल्म फेस्टिवल में पहुंचीं हैं। वो अपने दम पर वहां पहुंची हैं और हां हिना बेहद खूबसूरत लग रहीं हैं। इस अपमानजनक टिप्पणी पर सबसे पहले मैं उन जनाब से कहना चाहता हूं कि आप मैगजीन के एडिटर हैं। इस नाते इस तरह की टिप्पणी करना अपको शोभा नहीं देती। किसी भी महिला के बारे में इस तरह बोलने का आपको कोई अधिकार नहीं है और हां आपके इस कमेंट ने हिना को एक सुपरस्टार बना दिया है इसलिए धन्यवाद।

-
करणवीर बोहरा
करणवीर बोहरा ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा- ‘मुझे लगता है कि कुछ लोग अपनी जड़ों को भूल गए हैं। यह वही चांदीवली स्टूडियो है, जहां नसीरूद्दीन शाह, अनुपम खेर, सुशांत सिंह राजपूत जैसे कई लोगों ने अपने करियर की शुरुआत की और नाम कमाया। हम सभी को हिना पर बहुत गर्व है और हम सब उनके साथ हैं। अगर आप कुछ भी अच्छा नहीं कह सकते हैं तो कृपया इस तरह की भद्दी टिप्पणी न करें।’

-
एकता कपूर
हिना खान की करीबी दोस्त और प्रोड्यूसर एकता कपूर ने भी करणवीर बोहरा की पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा- ‘मुझे जितेश पसंद है लेकिन उनका ये पोस्ट भयानक है।’
-
नकुल मेहता
इश्कबाज फेम नकुल मेहता ने भी ट्विटर पर हिना खान के समर्थन में सामने आए और उन्होंने लिखा- ‘कान्स कभी चांदीवली स्टूडियो नहीं बन सकता है। यह कभी नहीं हो सकता। चांदीवली वह जगह है जहां कई टीवी शो, विज्ञापन फिल्में शूट की गई हैं। कुछ आइकोनिक चीजें भी हुई हैं जिन्हें यहां बनाया गया है। हिना पर नाज है हमें।’

















