- आरोपी प्रितपाल और तीन अन्य लोगों पर हत्या का केस दर्ज
- घटना के बाद आरोपी फरार, गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापेमारी
Dainik Bhaskar
Jul 08, 2019, 08:48 AM IST
लुधियाना. सलेमटाबरी स्थित अमन नगर इलाके में गाड़ी खड़ी करने को लेकर पंजाब पुलिस के रिटायर्ड कांस्टेबल ने होमगार्ड के रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर की पीट-पीट कर हत्या कर दी। जब मोहल्ले के लोग इकट्ठा हुए तो सभी फरार हो गए। परिवार ने लाल धनी यादव (60) को निजी अस्पताल में पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही एसीपी नार्थ मुख्तयार सिंह और थाना सलेमटाबरी प्रभारी विजय कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिवार के बयानों पर आरोपी प्रितपाल सिंह व उसके परिवार के तीन अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। फिलहाल उनकी तलाश में छापामारी की जा रही है।
सलेमटाबरी थाने में तैनात था धनी :
लाल धनी सलेमटाबरी थाने में तैनात था, उसके दो बेटे और एक बेटी है, जोकि शादीशुदा है। वो अपने परिवार के साथ इलाके में ही रहता था और उसके पड़ोस के घर में प्रितपाल का घर है। जोकि पंजाब पुलिस से रिटायर्ड कांस्टेबल है। लाल धनी के घर के बाहर एक थड़ी बनी हुई थी, जिसे लेकर अकसर प्रितपाल का उनके परिवार के साथ झगड़ा होता था। प्रितपाल कहता था कि वो थड़ी तुड़वाए क्योंकि उनकी बलैरो गाड़ी खड़ी नहीं होती। दो दिन पहले आरोपी के बेटे ने उनकी थड़ी तोड़ दी थी। जिसके बाद भी काफी बवाल हुआ था। रविवार की शाम 4 बजे इसी बात को लेकर आरोपी ने लाल धनी को घर के बाहर ही घेर लिया।
इसके बाद आरोपी अपने परिवार के लोगों के साथ मिलकर लाल धनी को घसीटकर अपने घर ले गया। जहां पूरे परिवार ने उसके साथ मारपीट हुई और वो नीचे गिर गया। तभी लाल धनी के परिवारिक लोग भी पहुंच गए, उन्होंने उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन वो नहीं उठा। उन्होंने उसे उठाया और लेकर अस्पताल चले गए, लेकिन डाक्टरों ने बताया कि उसकी मौत हो गई। है। उधर, पूरे इलाके में हंगामा हो गया। जिसकी भनक पुलिस को लगी और पुलिस मौके पर पहुंच गई।
नौकरी के साथ ही जिंदगी से विदाई
मृतक के बेटे विजय ने बताया कि पिता ने रिटायरमेंट के पेपर साइन नहीं किए थे। 7 जुलाई को ड्यूटी से रवानगी थी। लिहाजा उनके घर पर पार्टी रखी थी और सभी रिश्तेदार आए थे। दो दिन पहले उन्होंने स्टाफ के लोगों को पार्टी दी थी। वहीं, इसी दिन लाल धनी का जन्मदिन भी था, जिसके लिए परिवार उन्हें सरप्राइज देने वाला था।
आज होगा पोस्टमार्टम
पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में सिविल अस्पताल में रखवा दिया है। जहां सोमवार को डाक्टरों को बोर्ड शव का पोस्टमार्टम करेगा, जिससे पता चलेगा कि आखिर धनी लाल की मौत का कारण क्या रहा?


















